home page

ट्रेन में शराब तस्कर गिरफ्तार, 11.76 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

 | 
ट्रेन में शराब तस्कर गिरफ्तार, 11.76 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद


सीवान, 13 अप्रैल (हि.स.)।

सीवान रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की टीम ने ट्रेन में अवैध शराब ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार तस्कर की पहचान आयुष कुमार महतो के रूप में हुई है जो समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर का रहने वाला है।यह कार्रवाई सोमवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ टीम गाड़ी संख्या 15028 के विकलांग कोच में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक को पिट्ठू बैग में अंग्रेजी शराब ले जाते हुए संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 180 एमएल का 32 टेट्रा पैक 8 पीएम एवं 500 एमएल का 12 कैन किंगफिशर स्पेशल बीयर बरामद किए गए।

जब्त शराब की कुल मात्रा 11.760 लीटर आंकी गई, जिसकी कुल कीमत करीब 5,840 रुपये बताई जा रही है। आरपीएफ ने जब्त शराब और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सुपुर्द कर दिया है। इस संबंध में जीआरपी थाना में कांड संख्या 59/26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव, कांस्टेबल विजय कुमार यादव एवं उपेंद्र कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma