अनूपपुर: ओवररेटिंग का विरोध करने पर शराब दुकान के कर्मचारियों ने युवक से की मारपीट, आरोप
अनूपपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शराब दुकान में निर्धारित कीमत से अधिक रुपये वसूलने का विरोध करना युवक को भारी पड़ा। भालूमांडा थाना क्षेत्र की कंपोजिट शराब दुकान में रेट को लेकर हुए विवाद के बाद युवक के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग युवक को घेरकर थप्पड़ मारते, लात-घूंसे बरसाते और बाल पकड़कर जमीन पर पटकते दिखाई दे रहे हैं।
ज्ञात हो कि जिले भर की शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से अधिक रुपए वसूलने की शिकायत जिला आबकारी अधिकारी को करने के बाद भी इस पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती हैं। और अधिकारी का रटा-रटा जबाब मिलता हैं कि देखते हैं । ऐसा माना जा रहा हैं कि जिला आबकारी अधिकारी की शह पर सब हो रहा है।
रेट को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर युवक के साथ मारपीट
जानकारी के अनुसार भालूमांडा थाना क्षेत्र की कंपोजिट शराब दुकान पर आरोप है कि दुकान में शराब की निर्धारित कीमत से अधिक रुपए मांगे जा रहे थे। युवक ने इसका विरोध किया तो दुकान पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक को घेरकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटना के सभी पहलुओं की जांच होना बाकी है।
दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत, अब तक एफआईआर नहीं
घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में अपनी-अपनी लिखित शिकायत दी। इसके बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। इस संबंध में भालूमांडा थाना प्रभारी राधिका भगत ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। शराब को कम रेट में बेचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। थाना प्रभारी भालूमाड़ा राधिका भगत के अनुसार दोनों पक्षों ने शिकायत दी थी और एफआईआर दर्ज कराने के संबंध में उन्हें थाने भी बुलाया गया था, लेकिन वे अब तक नहीं पहुंचे। इसी वजह से फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
आबकारी विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली रोकना और नियमों का पालन कराना आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि किसी दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सामने आती है, तो विभाग की ओर से जांच और कार्रवाई क्यों नहीं होती। मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शराब दुकान में निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की जा रही थी या नहीं। इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। साथ ही वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की पड़ताल करनी चाहिए।
क्या शराब दुकान संचालकों पर होगी कार्रवाई
इस घटना ने शराब दुकानों की कार्यप्रणाली और आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित दुकान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, युवक के साथ हुई मारपीट की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

