home page

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास शराब ठेके में सेल्समैन की संदिग्ध मौत

 | 

बांदा, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बदौसा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास स्थित देशी-अंग्रेजी शराब के कंपोजिट ठेके में मंगलवार सुबह 32 वर्षीय सेल्समैन दिनेश कुमार प्रजापति का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट से साक्ष्य संकलित कराए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार की जाहिरा चोट नहीं मिली है।

मृतक की पहचान दिनेश कुमार प्रजापति पुत्र राममिलन उर्फ लल्लू निवासी गर्गपुर, मौजा चंदौर, थाना बदौसा के रूप में हुई है। दिनेश करीब छह-सात वर्षों से शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। वह अविवाहित था और अपने पिता का बड़ा बेटा था। दिनेश दिव्यांग भी बताया गया है। शराब ठेके की बाहरी बाउंड्री का दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि अंदर कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में तखत पर दिनेश का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

मृतक के पिता राममिलन उर्फ लल्लू का आरोप है कि शराब ठेके पर लगा सीसीटीवी कैमरा करीब तीन माह से बंद था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा रुपये को लेकर उनके बेटे पर दबाव बनाया जाता था और उसे कथित तौर पर धमकियां दी जा रही थीं। पिता के मुताबिक दिनेश को दिन-रात ठेके पर रहने के लिए मजबूर किया जाता था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।

क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि राममिलन की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि उनका पुत्र चंदौर स्थित शराब की दुकान पर सेल्समैन था और मंगलवार सुबह करीब सात बजे अज्ञात कारणों से उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए।

सीओ के मुताबिक शव पर कोई जाहिरा चोट नहीं मिली है। पोस्टमार्टम में भी फिलहाल मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आसपास के लोगों ने सल्फास के सेवन की आशंका जताई है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह