बलरामपुर जिले में शराब दुकान में 7.59 लाख रुपये की गड़बड़ी का मामला, फरार सुपरवाइजर गिरफ्तार
बलरामपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर स्थित कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान में बिक्री की राशि बैंक में जमा नहीं कर 7 लाख 59 हजार 720 रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने फरार सुपरवाइजर को आज शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान लाल बिहारी यादव (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुण्डपान का निवासी है और वर्तमान में बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक एवं वाड्रफनगर वृत्त के प्रभारी अभिषेक कुमार राजवाड़े ने चौकी वाड्रफनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कम्पोजिट मदिरा दुकान वाड्रफनगर का ऑडिटर द्वारा 1 मई से 11 जून 2026 तक भौतिक सत्यापन किया गया था। इस दौरान दुकान के रिकॉर्ड और प्रतिदिन बैंक में जमा की गई राशि का मिलान करने पर 7,59,720 रुपये कम जमा होना पाया गया।
जांच में सामने आया कि दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत लाल बिहारी यादव प्रतिदिन शराब बिक्री से प्राप्त राशि का हिसाब रखता था। वह स्टॉक रजिस्टर का संधारण करने के साथ बिक्री की रकम कैश कलेक्शन एजेंसी को सौंपने की जिम्मेदारी भी संभालता था। आरोप है कि उसने बिक्री से प्राप्त पूरी राशि बैंक में जमा नहीं कराई और 7,59,720 रुपये की राशि का गबन कर शासन को राजस्व की क्षति पहुंचाई। भौतिक सत्यापन के बाद वह बिना सूचना दिए दुकान से अनुपस्थित हो गया था।
शिकायत के आधार पर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने दुकान के विक्रय पंजी और बैंक खातों के विवरण का परीक्षण किया, जिसमें शिकायत में बताई गई राशि की गड़बड़ी की पुष्टि हुई।
पुलिस के मुताबिक, अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। लगातार तलाश के बाद उसे 19 नवंबर 2026 को हिरासत में लिया गया। न्यायालय वाड्रफनगर से शुक्रवार काे पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे कथित धोखाधड़ी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में उसके साथ अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

