home page

सारण में तरबूज और नमक की बोरियों से निकली शराब

 | 
सारण में तरबूज और नमक की बोरियों से निकली शराब


सारण में तरबूज और नमक की बोरियों से निकली शराब


सारण में तरबूज और नमक की बोरियों से निकली शराब


सारण, 06 अप्रैल (हि.स.)। शराबबंदी को चुनौती देते हुए शराब तस्करों ने अब तस्करी के ऐसे तरीके अपना लिए हैं कि सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए हैं। जिले में पुलिस, आरपीएफ और उत्पाद विभाग ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में तस्करी के दो बड़े और चौंकाने वाले तरीके का खुलासा किया।

पहली घटना सोनपुर जंक्शन की है जहाँ मद्यनिषेध थाना पुलिस ने रेल मार्ग से हो रही तस्करी को विफल किया। यहाँ तस्करों ने शातिर दिमाग लगाते हुए तरबूज के अंदर का हिस्सा निकालकर उसमें फ्रूटी के टेट्रा पैक में विदेशी शराब छिपा रखी थी। केवल तरबूज ही नहीं, बल्कि फाइल बैग और स्कूटी के टूलबॉक्स का भी इस्तेमाल शराब छिपाने के लिए किया गया था। पुलिस ने इस दौरान कुल 31 लीटर शराब जब्त की है।

दूसरा बड़ा मामला एकमा थाना क्षेत्र के माने ढाला का है। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से नमक की खेप के आड़ में शराब लाई जा रही है। टीम ने घेराबंदी कर एक पिकअप वैन को पकड़ा, जिसमें नमक की बोरियों के नीचे 1560 लीटर अवैध विदेशी शराब और बीयर को कुशलता से छिपाया गया था।

इस मामले में पुलिस ने वैशाली जिले के महुआ निवासी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी से नमक के पैकेटों के बीच शराब की सप्लाई लेकर बिहार आ रहा था। एक्साइज सुपरिंटेंडेंट केशव कुमार झा ने बताया कि तस्कर चाहे जितने भी नए तरीके अपना लें मद्य निषेध विभाग की नजर उन पर बनी रहेगी और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार