home page

मुफ़्फसिल थाना क्षेत्र में 785.50 लीटर अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

 | 

सीवान, 25 अप्रैल (हि.स.)।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशा मुक्त सीवान” अभियान के तहत मुफ़्फसिल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 785.50 लीटर शराब बरामद की है। इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि शुक्रवार को मधनिषेध, पटना से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक में अवैध शराब लदी हुई है, जो मैरवा की ओर से सीवान आ रही है और गोपालगंज मोड़ के रास्ते छपरा की ओर जाने वाली है।

सूचना के आधार पर मुफ़्फसिल थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोपालगंज मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें से कुल 785.50 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार राय एवं मंदीप कुमार के रूप में हुई है। दोनों मोतिहारी जिले के केसरिया के निवासी हैं।

एसपी ने बताया कि इस संबंध में मुफ़्फसिल थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma