खड़े ट्रक के केबिन से 39.75 लीटर विदेशी शराब बरामद
सुपौल, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के मद्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने शुक्रवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर सिमराही बाजार में कार्रवाई करते हुए एनएच-131 के किनारे खड़े एक ट्रक के केबिन से 39.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
मद्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच किनारे एक ट्रक में शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में एक झोले में रखी 750 एमएल की 53 बोतल रॉयल स्टैग विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 39.75 लीटर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ट्रक का शीशा और गेट दोनों खुले हुए थे। ट्रक को देखने से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह काफी दिनों से उसी स्थान पर खड़ा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और अब उसके मालिक तथा शराब से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक के मालिक सहित शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इधर, सिमराही क्षेत्र में लगातार शराब बरामद होने की घटनाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले चार दिनों से लगातार शराब बरामद होने की सूचना सामने आ रही है।
लगातार हो रही कार्रवाई के बीच क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

