home page

सिमराही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 लीटर चुलाई शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

 | 
सिमराही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 लीटर चुलाई शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य निषेध थाना पुलिस सिमराही ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लीटर चुलाई शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हो रही दो बाइक भी जब्त की है। सभी आरोपियों को शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापगंज के टोकना मार्ग पर कुछ लोग बाइक के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां एक बाइक पर सवार दो तस्करों को 4 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

इसी क्रम में पुलिस को एक और गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि राघोपुर थाना क्षेत्र के गद्दी धरहारा मार्ग से एक व्यक्ति शराब लेकर जा रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की, जहां एक अन्य बाइक सवार को 5 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान भवानीपुर दक्षिण निवासी राहुल कुमार, भवानीपुर उत्तर निवासी मोहम्मद मोहताज तथा गनपतगंज निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ बिहार शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र