home page

राघोपुर में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, 2475.36 लीटर विदेशी शराब बरामद

 | 
राघोपुर में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, 2475.36 लीटर विदेशी शराब बरामद


सुपौल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के सेवन, बिक्री एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध वाहन से कुल 2475.36 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक, सुपौल के निर्देश पर शराब तस्करी के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 और 16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि राघोपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन के माध्यम से शराब की तस्करी की जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीरपुर के नेतृत्व में सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कुल 2475.36 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इसके साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे एक वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस मामले में किसी की गिरफ्तारी का उल्लेख नहीं किया गया है।

बरामद शराब और जब्त वाहन के संबंध में राघोपुर थाना में नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस शराब तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब की खरीद-बिक्री, परिवहन और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र