35.5 लीटर देसी शराब के साथ महिला गिरफ्तार
सुपौल, 21 अप्रैल (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के इमामपट्टी वार्ड संख्या 09 में शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है।
इस दौरान 35.5 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि रेखा देवी, पति स्वर्गीय बिल्लू उरांव, अपने घर में शराब बनाकर बिक्री कर रही है। सूचना के सत्यापन के लिए महिला पुलिसकर्मी उषा देवी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपित महिला घर से भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों और जवानों की मदद से उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान टाट-फूस से बने गोहाली घर से दो जार में 15-15 लीटर, एक गैलन में 5 लीटर तथा एक बोतल में 500 ग्राम देसी चुलाई शराब बरामद की गई। इस तरह कुल 35.5 लीटर शराब जब्त की गई।इसके अलावा पुलिस ने शराब बनाने में उपयोग होने वाला एल्युमीनियम का बर्तन और मशीन भी जब्त किया है। गिरफ्तार महिला तस्कर को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

