बाड़ी में छिपकर रखी गई ,105 लीटर महुआ शराब ,पुलिस ने किया जब्त
रायगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। कोतरारोड़ पुलिस ने बाड़ी में छिपाकर रखी गई 105 लीटर महुआ शराब जब्त किया है। साथ ही एक आरोपित को गिरफ्तार कर आज गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मुखबिर से बुधवार को सूचना मिली कि ग्राम कलमी निवासी सुशांतो डहरिया अपने घर के पीछे बाड़ी में भारी मात्रा में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम सुशांतो डहरिया (उम्र 29 वर्ष) बताया। शराब रखने के संबंध में पूछताछ करने पर पहले वह आनाकानी करता रहा, बाद में अपने घर की बाड़ी में छिपाकर रखे गए 15-15 लीटर क्षमता वाले सात प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 105 लीटर महुआ शराब पुलिस के समक्ष पेश की। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में 10,500 रुपये कीमत की अवैध महुआ शराब जब्त की। आरोपित सुशांतो डहरिया के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

