home page

शराब पार्टी के बाद रंजिश:कार से टक्कर मारकर युवक की हत्या

 | 
शराब पार्टी के बाद रंजिश:कार से टक्कर मारकर युवक की हत्या


जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। कानोता थाना इलाके में शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि साथ काम करने वाले एक युवक ने रंजिश के चलते बाइक सवार दो दोस्तों को अपनी तेज रफ्तार कार से जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर भागने के प्रयास में आरोपी की कार आगे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद वह गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

कानोता थानाधिकारी विरेन्द्र सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान चौमूं स्थित दुल्हा सिंह की ढाणी निवासी रोहित सैनी (26) के रूप में हुई है। रोहित पिछले एक साल से कानोता-बस्सी क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबारी नरेश अग्रवाल के पास काम करता था। रविवार तड़के करीब 3 बजे कानोता पुलिया के समीप स्थित राठौड़ पेट्रोल पंप के पास यह वारदात हुई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार रात को रोहित सैनी, उसका साथी सुनील सैनी और सुरेंद्र यादव एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर रोहित और सुरेंद्र में विवाद और गाली-गलौज हो गई। हालांकि, कुछ देर बाद मामला शांत हो गया।

रात करीब 3 बजे जब रोहित और सुनील बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तो सुरेंद्र भी कार लेकर वहां आ गया। वहां दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी हो गई। इसके बाद जैसे ही रोहित और सुनील बाइक लेकर आगे बढ़े, सुरेंद्र ने तैश में आकर पीछे से कार से उनकी बाइक को उड़ा दिया।

टक्कर इतनी तेज थी कि रोहित और सुनील सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। इलाज के दौरान डॉक्टर्स ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील का एसएमएस अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के तुरंत बाद हड़बड़ाहट में भागने के चक्कर में आरोपी सुरेंद्र की कार सामने खड़े एक ट्रक में जा घुसी, जिसके बाद वह वाहन छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया। परिजनों के विरोध दर्ज कराने पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला पंजीकृत कर वारदात में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश