अनूपपुर: 24 डिब्बों से 72 किलो अवैध महुआ लाहन सहित शराब बनाने का सामान जब्त
अनूपपुर, 11 सितंबर (हि.स)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के झीमर नाला के पास गुरुवार -शुक्रवार की रात पुलिस ने छापामार कार्रवाई में अवैध शराब के निर्माण की तैयारी में जंगल में छिपाकर रखे गए 24 डिब्बों से 72 किलो अवैध महुआ लाहन और शराब बनाने के समान जब्त की है। जब्त सामानों का नष्टीकरण किया गया। इस मामले में पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि झीमर नाला के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के डिब्बों में अवैध महुआ लाहन रखकर शराब बनाने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अजय कुमार सिंह गोंड 29 वर्ष निवासी इंद्रानगर रामनगर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर मौके से 24 प्लास्टिक के डिब्बों में भरा लगभग 72 किलोग्राम अवैध महुआ लाहन जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10,000 है, बरामद किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त प्लास्टिक के डिब्बे एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जब्त किए गए 24 डिब्बों में भरे अवैध महुआ लाहन एवं शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री का नष्टीकरण किया गया, ताकि इसका किसी भी प्रकार से पुनः उपयोग न हो सके।
पुलिस के अनुसार घना जंगल के भीतर नाला के पास शराब बनाने की तैयारी की सूचना पर 8 पुलिसकर्मियों का दल जंगल से बाहर मुख्य मार्ग पहुंचा, जहां वाहन को वहीं छोड़ पैदल लगभग 500 मीटर अंदर नाला की ओर उतरे। पुलिस को पैदल देखकर आरोपी भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे खदेड़ कर पकड़, छिपाये गए डिब्बों को बाहर निकलवाया गया। अलग अलग स्थान से 24 डिब्बे निकाले गए। आरोपी के विरुद्ध थाना में मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(एफ) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी संपतिया मरावी ने बताया कि आबकारी वृत्त अनूपपुर, राजनगर, कोतमा एवं राजेन्द्रग्राम के अंतर्गत अनूपपुर, लखनपुर, दुधमनिया, कासा, राजेन्द्रग्राम, धीरूटोला, कोतमा, जमुना बस्ती, बदरा एवं श्रमिक नगर में दबिश देकर पिछले एक सप्ताह में 13 प्रकरण दर्ज करते 57 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार 550 रुपए आंकी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

