home page

जबलपुरः फॉर्च्यूनर कार से 31 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

 | 
जबलपुरः फॉर्च्यूनर कार से 31 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फॉर्च्यूनर कार से 31 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और लग्जरी वाहन सहित कुल मशरूका की कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को तिलवारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर की एक सफेद फॉर्च्यूनर कार में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर एक व्यक्ति नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से तिलवारा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रमनगरा मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर चालक कार छोड़कर भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान 23 वर्षीय निखिल पाण्डे, निवासी देवताल (गढ़ा) निवासी जबलपुर के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांडों की कुल 31 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इनमें बैगपाइपर, आईकोकिन, रॉयल स्टैग, स्मिरनॉफ, मैजिक मोमेंट्स और सिग्नेचर ब्रांड की शराब शामिल है। कुल 276.48 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 3.07 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य की फॉर्च्यूनर कार भी जब्त कर ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक पूछताछ में शराब की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देश और जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक