नेपाली शराब और गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
सुपौल, 17 सितंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर की ओर से चलाए जा रहे निगरानी एवं गश्ती अभियान के दौरान बुधवार को अलग-अलग कार्रवाई में 31.5 लीटर नेपाली शराब और दो किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इस दौरान एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पहली कार्रवाई सीमा चौकी फतेहपुर की पेट्रोलिंग पार्टी ने सीमा स्तंभ संख्या 203/03 के समीप की। गश्त के दौरान जवानों ने एक व्यक्ति को बोरी लेकर आते देखा। संदेह के आधार पर उसे रोककर बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें 31.5 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान फतेहपुर निवासी महेश मुखिया के रूप में हुई। आवश्यक कार्रवाई के बाद बरामद शराब और गिरफ्तार व्यक्ति को उत्पाद विभाग, सिमराही को सौंप दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई करीब 5:15 बजे सीमा चौकी सतना की विशेष पेट्रोलिंग पार्टी ने की। नेपाल से भारत की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से दो किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के सुनसरी जिले के श्रीपुर निवासी वीरेंद्र यादव के रूप में हुई। बरामद गांजा, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना, सुपौल को सौंप दिया गया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार, मुख्य आरक्षी दुर्गा लाल मीणा समेत अन्य एसएसबी जवान शामिल थे।
45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी सह कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी एवं गश्त की जा रही है। सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

