home page

सूरत में हत्या आरोपित ने पुलिस पर किया हमला, जवाबी फायरिंग में घायल

 | 
सूरत में हत्या आरोपित ने पुलिस पर किया हमला, जवाबी फायरिंग में घायल


सूरत, 11 मई (हि.स.)। गुजरात के सूरत में हत्या आरोपित काे पकड़ने गई पुलिस टीम पर आराेपित ने हमला कर दिया। इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग कर दी, जिसमें आराेपित घायल हाे गया।

सूरत के लिम्बायत क्षेत्र में बीती रात मामूली कहासुनी के दौरान 17 वर्षीय अनुराग उर्फ राज पवार की चाकू मारकर हत्या करने के आरोपित राहुल जोगी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपित ने हमला कर दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

फरार आरोपित राहुल जोगी की तलाश में लिम्बायत पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित मिठीखाड़ी इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपित ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले के दौरान आरोपित ने पुलिस कॉन्स्टेबल मुकेश बागुल पर भी वार किया, जिसमें कॉन्स्टेबल घायल हो गए। इसके बाद आरोपित ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया, तब आत्मरक्षा में लिम्बायत पुलिस इंस्पेक्टर डी.डी. चौहान ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से दो राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली आरोपित राहुल जोगी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

पुलिस ने तुरंत आरोपित को काबू में लेकर इलाज के लिए नई सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं घायल कॉन्स्टेबल मुकेश बागुल को उपचार के लिए गोधादरा स्थित सनराइज अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल पहुंचने पर आरोपित दर्द से कराहता दिखाई दिया और इलाज के दौरान “अब ऐसा नहीं करूंगा” कहकर चिल्लाता रहा।

उल्लेखनीय है कि मृतक अनुराग उर्फ राज पवार अपने मित्र के साथ मोबाइल दुकान का पेमेंट लेने जा रहा था। इसी दौरान गणेश नगर इलाके में आरोपित राहुल जोगी ने उसे रोककर सीने में चाकू के कई वार कर दिए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 118(1) और 296(बी) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपित राहुल जोगी के खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे