home page

जीवन प्रमाण-पत्र अपडेट कराने के बहाने बुजुर्ग से ठगे 1.50 लाख रुपये

 | 
जीवन प्रमाण-पत्र अपडेट कराने के बहाने बुजुर्ग से ठगे 1.50 लाख रुपये


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी के मुरलीपुरा थाना इलाके में पेंशन खाते का जीवन प्रमाण-पत्र अपडेट कराने में मदद करने के बहाने 72 वर्षीय बुजुर्ग से 1.50 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताकर बुजुर्ग को भरोसे में लिया और उनके खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रामसिंह ने बताया कि मुरलीपुरा निवासी विमलेश चंद्र जोशी ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, 18 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताया और पेंशन खाते का लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण-पत्र अपडेट कराने में मदद करने की बात कही। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि अगले 24 घंटे में प्रमाण-पत्र अपडेट हो जाएगा।

पीड़ित के अनुसार रात को मोबाइल फोन और बैंक खाते की जानकारी जांचने पर उन्हें पता चला कि खाते से बिना अनुमति अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 1.50 लाख रुपए निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर ठगी के तरीके और आरोपी की पहचान के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश