आर्मी डेंटल यूनिट के लेफ्टिनेंट कर्नल के बंद सरकारी आवास में तीस लाख की चोरी
जोधपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। आर्मी के डेंटल यूनिट में कार्यरत लेफ्टिनेंट कर्नल के सरकारी आवास में चोरी हो गई। घटना का पता 11 जुलाई को स्टाफ के जरिए पता लगा। अज्ञात चोर घर से लाखों के जेवरात ले गए। वे परिवार सहित अपने मूल गृह महाराष्ट्र गए हुए थे। घटना को लेकर महामंदिर थाने में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान कर तलाश में जुटी है। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत 30 लाख रूपये बताई जाती है। घर से 53 हजार रूपये भी चोरी हुए है।
महामंदिर पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर लेफ्टिनेंट कर्नल आठवले रवि प्रकाश ने रिपोर्ट दी। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि वे जोधपुर के कैंट में 12 कापर््स में डेंटल यूनिट में कार्यरत है। उनका सरकारी आवास जेएसआई एंक्लेव रसाला रोड पर है। 26 जून से छुट्टी पर अपने घर पर गया था। उनका घर जलगांव महाराष्ट्र में है।
11 जुलाई सवेरे यूनिट के स्टाफ नायक मनीष ने मोबाइल पर कॉल करके बताया कि मेरे सरकारी आवास का दरवाजा खुला हुआ है। उसका ताला मौजूद नहीं है, और पूरे घर की हर एक कमरे का सामान बिखरा हुआ है। उसके तुरंत बाद मेरे कहने पर नायक मनीष ने मुझे वाटसअप पर वीडियो करके घर दिखाया। बाद में यूनिट के कमान अधिकारी कर्नल दिनेश कुमार को इसके बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सूबेदार आशीष को भी चोरी के बारे में बताया गया। 12 जुलाई को खुद कर्नल लेफ्टिनेंट जोधपुर पहुंचे।
रिपोर्ट में बताया कि उनके घर से चोर 219. 12 ग्राम सोने के आभूषण और चांदी के आइटम 28 ग्राम पायल और बिचुड़ी जोड़ी के साथ 53 हजार की नगदी चोरी कर ले गए।
महामंदिर पुलिस ने मामला दर्ज कर आस पास लगे सीसीटीवी फुटेजों को अब खंगालना शुरू किया है। चोरों की पहचान के साथ उनकी तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

