संपत्ति विवाद में सरकारी शिक्षिका व कैंसर पीड़ित मां पर जानलेवा हमला
किशनगंज, 12 अप्रैल (हि.स.)। शहर के दिलावरगंज वार्ड नंबर 10 में संपत्ति विवाद को लेकर एक सरकारी शिक्षिका और उनकी कैंसर पीड़ित मां पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि शिक्षिका के भाई और बहन ने मिलकर बीमार मां का गला दबाकर जान लेने की कोशिश की तथा शिक्षिका के साथ भी मारपीट की। पुलिस के समय पर पहुंचने से मां-बेटी की जान बच सकी। पीड़िता सरकारी शिक्षिका दर्शना कुमारी ने बताया कि उनके पिता स्व. विनय कुमार दास के नाम पर घर, जमीन और बैंक खाते हैं।
उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और उनकी देखभाल वही करती हैं। दर्शना का आरोप है कि उनके बड़े भाई संगम कुमार कोई काम नहीं करते और उन्होंने 06 अगस्त 2024 से 10 मार्च 2026 के बीच मां के नाम के चेक पर कथित रूप से जाली हस्ताक्षर कर किशनगंज स्थित स्टेट बैंक शाखा से करीब 15 लाख रुपये निकाल लिए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई।
दर्शना ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी छोटी बहन रिमझिम कुमारी, जो नोएडा निवासी कृष्ण कुमार प्रजापति की पत्नी हैं, भी संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से दिल्ली से किशनगंज आई थीं। दोनों भाई-बहन ने 19 मार्च को मिलकर हमले की साजिश रची। पीड़िता के अनुसार 08 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे, जब दर्शना घर पर नहीं थीं, तब संगम कुमार और रिमझिम कुमारी ने बीमार मां के साथ मारपीट की और उनका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। दर्शना के घर पहुंचते ही दोनों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद दर्शना ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति शांत हुई।
हमले के बाद आरोपियों ने दर्शना की स्कूटी भी क्षतिग्रस्त कर दी। इससे पहले 20 मार्च 2026 को मां के नाम से सदर थाना में एक आवेदन देकर संपत्ति विवाद की जानकारी भी दी गई थी। पीड़िता ने प्रशासन से भाई संगम कुमार और बहन रिमझिम कुमारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अपनी और बीमार मां की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि दोनों भाई-बहन संपत्ति हड़पने के लिए उन्हें लगातार घर से निकालने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में सदर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

