home page

नाहन में तेंदुए के पंजे काटने के मामले में दो गिरफ्तार

 | 
नाहन में तेंदुए के पंजे काटने के मामले में दो गिरफ्तार


नाहन, 05 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर के नाहन में तेंदुए के पंजे काटने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 23 फरवरी 2026 को शक्ति उर्फ बन्टी के बकरी फार्म, राधा कृष्ण आश्रम के पास गांव सतीवाला में सामने आई थी, जहां एक तेंदुआ शेड में घुस गया था। बाद में वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया था।

रेस्क्यू के बाद तेंदुए को शिमला ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तेंदुए के आगे बाएं पैर का पंजा चार नाखूनों सहित गायब था, जिसे किसी धारदार हथियार से काटा गया था।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने तेंदुए के पंजे काटने की योजना बनाई थी और वे दरांती व कुल्हाड़ी लेकर शेड में गए थे। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के रिहायशी मकानों की तलाशी ली गई, जहां एक पिंजरे में बंद दो वन्य जीव (तोते) भी बरामद किए गए।

वन विभाग ने इस मामले में शक्ति उर्फ बन्टी पुत्र प्रेम सिंह निवासी मकान नंबर 372/11 रेड क्रॉस रोड, पेट्रोल पंप के पास कच्चा टैंक नाहन तथा नीरज पुत्र रमेश कुमार निवासी मकान नंबर 286/9 रानी ताल, नाहन जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी, वन परिक्षेत्र नाहन की शिकायत पर थाना सदर नाहन में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 और 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर