अनूपपुर: तार के फंदे में फंसने से तेंदुआ शावक की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
अनूपपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर वन मंडल के अहिरगवां वन परिक्षेत्र में वन विभाग खेत में लगाए गए तार के फंदे में फंसने से तेंदुआ शावक की मौत के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसका शव जंगल में फेंक दिया गया। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर गुरूवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया गया।
जंगल में मिला तेंदुआ शावक का शव
वन परिक्षेत्र अधिकारी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि अहिरगवां वन परिक्षेत्र के औढेरा बीट से लगे शहडोल जिले के काचोदर गांव का है। खेत में फंदे में फंसकर तेंदुआ शावक की मौत होने के बाद कथित तौर पर उसका शव जंगल में फेंक दिया गया था। शव से दुर्गंध आने पर मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर वन विभाग की टीम ने औढेरा बीट के कक्ष क्रमांक-1 से शव बरामद किया।
डॉग स्क्वॉड की मदद से जुटाए साक्ष्य
मामले की जांच के दौरान वन विभाग ने 63 वर्षीय रामरतन पुत्र देवीदीन और रामबहोर एवं 59 वर्षीय पुत्र भगवानदास दोनों निवासी काचोदर, जिला शहडोल को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया। डॉग स्क्वॉड की मदद से उनके घरों और खेतों की तलाशी ली गई। इस दौरान एक आरोपी के घर की बाड़ी से शिकार में इस्तेमाल किया गया तार का फंदा बरामद होने की जानकारी दी गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शिकार करने और साक्ष्य छिपाने के लिए तेंदुआ शावक का शव जंगल में फेंकने की बात स्वीकार की।
पोस्टमार्टम के बाद शव का किया गया अंतिम निस्तारण
वन विभाग ने मृत तेंदुआ शावक का शव परीक्षण कराया और आवश्यक नमूने एकत्र किए। इसके बाद नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

