शराब के साथ तस्करी में जुटी महिला को उत्पाद बलों ने किया गिरफ्तार,शराब जब्त
नवादा , 10 मई (हि.स.)।बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र के नवादा जिले की चितर कोली स्थित समेकित जांच चौकी पर रविवार को एक बस की जांच के दौरान उत्पाद बलों ने शराब की तस्करी में जुटी एक महिला को गिरफ्तार किया है। जांच चौकी पर शराब की तस्करी में जुटे कई पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है,किंतु इस बार महिला तस्कर के गिरफ्तार होने से क्षेत्र में हलचल मचा हुआ है।
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार मद्दनिषेध को लेकर जांच चौकी पर उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक छोटी से लेकर बड़ी वाहनों की सघन जांच की जाती है। जांच के क्रम में रांची से बिहार जानेवाली एक यात्री बस की जांच की गई। बस में सवार एक महिला के पास संदिग्ध रूप से रखा एक बैग था। जांच के दौरान बैग से 750 एमएल वाले रॉयल स्टैग बैरल सेलेक्ट व्हिस्की के 10 बोतल एवं 500 एमएल वाले किंगफिशर नामक बियर के 5 केन बरामद हुआ है। जब्त शराब व बियर को लेकर महिला शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान रांची के लापुंग थाना क्षेत्र के डिहुरी गांव निवासी स्व. डोमन मुंडा की पत्नी विनीता मुंडा के रूप में हुई है। गिरफ्तार महिला ने पूछताछ के क्रम में बताई कि वह उक्त शराब को एक व्यक्ति को देने वाली थी।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब व बियर के अलावे गिरफ्तार महिला एवं फरार अभियुक्त को लेकर उत्पाद बल अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है। साथ ही बताया कि गिरफ्तार महिला को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा। इस मौके पर उत्पाद एएसआई विश्वजीत कुमार सिंह के साथ गृहरक्षक जवान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

