एमपी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का साया: अशोकनगर से इंदौर-भोपाल तक फैला नेटवर्क, डीजीपी ने बनाई सुपर एसआईटी
अशोकनगर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिरौती और दहशत फैलाने वाले नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। अशोकनगर से शुरू हुआ यह मामला अब इंदौर और भोपाल सहित कई शहरों तक फैल चुका है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर जांच की जिम्मेदारी एसटीएफ को सौंपी है।
आईपीएस राहुल लोढ़ा को सौंपी गई कमान
इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के लिए तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी राहुल कुमार लोढ़ा को एसआईटी का प्रमुख बनाया गया है। उनके नेतृत्व में गठित टीम में 4 पुलिस अधीक्षक (एसपी) और 4 डीएसपी रैंक के अधिकारी शामिल किए गए हैं। टीम का मुख्य उद्देश्य अंतर्राज्यीय संगठित अपराध नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर उसे पूरी तरह ध्वस्त करना है।
अशोकनगर से हुई थी शुरुआत
पूरे मामले की शुरुआत 12 फरवरी को अशोकनगर से हुई, जब व्यापारी अंकित अग्रवाल को ‘हैरी बॉक्सर’ के नाम से व्हाट्सएप और वीडियो कॉल के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की।
गिरफ्तारी और चौंकाने वाले खुलासे
जांच के दौरान पुलिस ने जयपुर निवासी 19 वर्षीय आरोपी मनीष जांगिड़ को गिरफ्तार किया। उसके पास से शहर के प्रमुख स्थानों की रेकी के वीडियो मिले, जिन्हें विदेश भेजा जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 पेट्रोल बम, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इससे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।
कई शहरों तक फैला नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क केवल अशोकनगर तक सीमित नहीं है, बल्कि इंदौर, भोपाल और खरगोन जैसे शहरों में भी इस गैंग से जुड़े मामले दर्ज हुए हैं। इन सभी प्रकरणों को अब एसआईटी को ट्रांसफर कर दिया गया है, ताकि एकीकृत तरीके से जांच की जा सके।
शहर/थाना अपराध क्रमांक,धाराएं (बीएनएस) अशोकनगर कोतवाली: 101/2026, 308(1), 308(2), 351(2) इंदौर (किशनगंज): 112/2026, 308(5), 351(4) इंदौर (तुकोगंज): 155/2026, 308(5), 351(4) भोपाल (कोलार रोड): 183/2026,351(4) खरगोन (कसरावद): 94/2026, 308(4), 351(3) इंदौर क्राइम ब्रांच: 22/2026, 308(5), 351(4)
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इससे जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

