home page

छग : खाली बोतलों की आड़ में गांजे की तस्करी! छह क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद, 3.41 करोड़ की जब्ती

 | 
छग : खाली बोतलों की आड़ में गांजे की तस्करी! छह क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद, 3.41 करोड़ की जब्ती


छग : खाली बोतलों की आड़ में गांजे की तस्करी! छह क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद, 3.41 करोड़ की जब्ती


- उड़ीसा से उत्तर प्रदेश जा रहा था गांजे का बड़ा खेप, 597 पैकेट बरामद; टाटा आईसर समेत एक तस्कर गिरफ्तार

जशपुर, 4 अक्टूबर (हि. स.)। जशपुर पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऑपरेशन आघात के तहत लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक टाटा आईसर ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपा रखा था। कार्रवाई में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।

ऊपर खाली बोतलें… नीचे करोड़ों का गांजा!

4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम उड़ीसा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया।

ट्रक की तलाशी के दौरान ऊपर खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां दिखाई दीं। पहली नजर में सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस को संदेह हुआ। जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई तो पूरा मामला खुल गया।

नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलते ही पुलिस के होश उड़ गए—उनमें गांजा भरा हुआ था।

पुलिस ने कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट गांजा बरामद किया। वजन करने पर गांजे की मात्रा 632 किलो 380 ग्राम निकली।

गाजा, ट्रक, मोबाइल… कुल 3.41 करोड़ की जब्ती

पुलिस ने कार्रवाई में 632.380 किलो गांजा, टाटा आईसर ट्रक, 2 मोबाइल फोन, 3,000 रुपये नगद जप्त किए हैं।

बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जप्ती की है।

ट्रक में सवार संदिग्ध से पुलिस ने गांजे के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसकी पहचान विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

दो दिन में दूसरी बड़ी सफलता

जशपुर पुलिस की लावाकेरा में यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को भी इसी चेकिंग बैरियर पर 440.630 किलो गांजा बरामद किया गया था और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था।

महज दो दिनों के भीतर गांजे की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने से साफ है कि पुलिस ने उड़ीसा सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों पर निगरानी और मुखबिर तंत्र को काफी मजबूत किया है।

अब खुलेगा पूरे नेटवर्क का राज

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था, उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था और इस पूरे तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़ा पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिसकर्मियों को मिलेगा इनाम

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने पुलिस टीम की सतर्कता और बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कार्रवाई में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि, जशपुर की सीमा से नशे की खेप गुजारना अब आसान नहीं होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर