जबलपुरः पचमठा मंदिर में चोरी-तोड़फोड़ से आक्रोश, मौन जुलूस निकालकर नागरिकों ने जताया विरोध
जबलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अधारताल स्थित ऐतिहासिक पचमठा मंदिर में जन्माष्टमी की रात हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना के विरोध में सोमवार को अधारताल बाजार पूरी तरह बंद रहा। घटना से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। मंदिर में हुई तोड़फोड़ को लोगों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
बताया गया है कि जन्माष्टमी की रात अज्ञात बदमाश पचमठा मंदिर में घुसे और चोरी करने के साथ मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी फैल गई। सोमवार को व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी दुकानें बंद रखीं।
घटना के विरोध में मंदिर समिति और स्थानीय नागरिकों ने मौन जुलूस निकाला। जुलूस के माध्यम से प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया गया कि मंदिर में हुई घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए।
मंदिर के पुजारी आचार्य कपिल कृष्ण महाराज ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस प्रशासन के अनुसार प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

