अय्याशी के लिए गन पॉइंट पर 30 लाख की लूट, मास्टरमाइंड समेत चार गिरफ्तार
नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। अय्याशी और मौजमस्ती के लिए करीब 30 लाख रुपये की लूट को अंजाम देने वाले गिरोह का कृष्णा नगर थाना पुलिस ने महज आठ घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 19.05 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी, एक देसी पिस्टल और तीन आईफोन 15 प्रो बरामद किए हैं। मामले में फरार आरोपी कैफ की तलाश जारी है।
डीसीपी आरपी मीणा के मुताबिक, 11 सितंबर को विवेक विहार फेज-2 निवासी संजय जैन स्कूटी से करीब 30 लाख रुपये नकद लेकर गांधी नगर की नेहरू गली स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान की ओर जा रहे थे। नकदी लाल रंग के बैग में रखी थी। इसी दौरान विजय चौक की तरफ से स्कूटी पर आए बदमाशों ने उन्हें पीछे से घेर लिया और गन पॉइंट पर नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बदमाशों में से एक के हाथ में चोट लगी थी और उस पर पट्टी बंधी हुई थी। पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि सामने आने पर वह आरोपी की पहचान कर सकता है।
वारदात की सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लुटेरों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के साथ-साथ पुलिस ने मुखबिरों से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई और 12 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में दीपक को वारदात का मास्टरमाइंड और मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। दीपक ने पीड़ित के पास बड़ी रकम होने की जानकारी अपने साथियों को दी थी। जांच में कैफ की भी साजिश में भूमिका सामने आई है। हालांकि, वह अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लूट की रकम का एक हिस्सा वारदात के बाद पार्टी और अय्याशी में खर्च कर चुके थे। पुलिस के अनुसार करीब 80 हजार रुपये खर्च किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब खर्च की गई रकम समेत लूट की बाकी नकदी बरामद करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 19.05 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी, एक देसी पिस्टल और तीन आईफोन 15 प्रो भी बरामद हुए हैं। बरामद स्कूटी के संबंध में शाहदरा थाने में ई-एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि हुई है। पुलिस फरार आरोपी कैफ की गिरफ्तारी और लूट की शेष रकम की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

