home page

लौकहा में 104.67 लीटर विदेशी शराब बरामद, चारपहिया वाहन जब्त

 | 

सुपौल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लौकहा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान 104.67 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे एक चारपहिया वाहन को भी जब्त किया गया है।

मामले में लौकहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि 25 अक्टूबर को लौकहा थाना के एक पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की तस्करी की जाने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी पुष्टि की और तस्करी की खेप पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सुपौल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने चिह्नित मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई।

इसी क्रम में एक संदिग्ध चारपहिया वाहन की जांच के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई 104.67 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त करते हुए तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया। बरामद शराब और जब्त वाहन के संबंध में लौकहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, तस्करी में शामिल लोगों और वाहन मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी सहित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के सेवन, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र