यमुनानगर:देर रात छात्र से लूटपाट, बाइक सवार तीन युवकों ने मोबाइल और नकदी छीनी
यमुनानगर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में 12वीं कक्षा के छात्र से देर रात लूटपाट का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल पर आए तीन अज्ञात युवकों ने सुनसान सड़क पर छात्र को निशाना बनाते हुए उसका महंगा मोबाइल फोन और नकदी छीन ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में छात्र हारीश नवाब ने बुधवार काे बताया कि वह स्थानीय स्कूल में 12वीं कक्षा का विद्यार्थी है। देर रात वह अपने एक मित्र से मुलाकात कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। खारवन-बलाचौर मार्ग पर भट्ठों के समीप उसने कुछ देर के लिए वाहन रोका। इसी दौरान एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बातचीत करने लगे। आरोप है कि अचानक तीनों युवकों ने उसे धमकाकर उसका मोबाइल फोन और जेब में रखी नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। छात्र ने बताया कि घटना से घबराकर वह पहले घर पहुंचा और बाद में अपने पिता के साथ पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायकर्ता का कहना है कि सामने आने पर वह आरोपियों की पहचान कर सकता है। मामले की जांच कर रही थाना सदर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा संभावित मार्गों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। वहीं पुलिस अधिकारियों के अनुसार लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

