चेंगड़ाबांधा चेकपोस्ट पर भारी मात्रा में गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
कूचबिहार, 26 जून (हि. स.)। चेंगड़ाबांधा बाईपास चेकपोस्ट पर मेखलीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर का नाम रणबीर शिकारी है। वह सिलीगुड़ी का निवासी है। पुलिस ने एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, कूचबिहार से सिलीगुड़ी जा रही एक चार पहिया वाहन को नाका चेकिंग के दौरान शुक्रवार सुबह रोका गया। तलाशी के दौरान चालक रणबीर शिकारी पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर पास के एक तालाब में कूदकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि वाहन के अंदर खास तौर पर बनाए गए गुप्त खानों में 37 पैकेट में करीब 57.65 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये में है। इस अभियान में मेखलीगंज के बीडीओ सह कार्यकारी मजिस्ट्रेट नरेशराज राय और थाना प्रभारी मोहम्मद शाहबाज समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
प्राथमिक जांच में पुलिस को शक है कि आरोपित एक पेशेवर तस्कर है। सिलीगुड़ी से इस गांजे को अन्य जगहों पर सप्लाई करने की योजना थी। आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

