home page

किराए के विवाद में मकान मालिक की हत्या

 | 
किराए के विवाद में मकान मालिक की हत्या


जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। मानसरोवर थाना क्षेत्र में मकान खाली करने और बकाया किराए को लेकर हुए विवाद में किराएदार ने मकान मालिक के सिर पर सीमेंट की ईंट से वार कर हत्या कर दी। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी किराएदार को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

थानाधिकारी सतीशचंद्र ने बताया कि रजत पथ निवासी दीपक कुलश्रेष्ठ ने मध्यम मार्ग स्थित अपना मकान महेश शर्मा को करीब तीन वर्ष से किराए पर दे रखा था। मकान खाली कराने और किराए के भुगतान को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसके चलते महेश ने बुधवार को मकान खाली कर दिया था। इसके बाद गुरुवार देर शाम वह मकान की चाबी देने पहुंचा। इसी दौरान बकाया किराए और मकान खाली करने की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान महेश ने मकान के चौक में पड़ी सीमेंट की ईंट उठाकर दीपक के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से दीपक लहूलुहान होकर फर्श पर गिर गए। आरोपी उन्हें मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दीपक के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिचित उन्हें तलाशते हुए मध्यम मार्ग स्थित मकान पर पहुंचे। वहां दीपक लहूलुहान हालत में पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ पुलिस ने अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की। परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जा रहा है।

मानसरोवर थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश