12 करोड़ की जमीन का 09 लाख में बैनामा, मालिक की मौत के मामले में डेढ़ साल से फरार फारूख गिरफ्तार
बांदा, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में करीब 12 करोड़ रुपये कीमत की जमीन का महज नौ लाख रुपये में बैनामा कराए जाने के बाद जमीन मालिक निसार अहमद की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने करीब डेढ़ साल से वांछित चल रहे आरोपी फारूख अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुसाइड नोट और विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के खाईंपार निवासी निसार अहमद के नाम मेडिकल कॉलेज के सामने जमीन थी। सीओ सिटी सौरभ सिंह के अनुसार, उक्त जमीन का बैनामा करीब नौ लाख रुपये में कराया गया था, जबकि उसकी अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है। बैनामे से जुड़े घटनाक्रम और कथित दबाव के बीच 6/7 अप्रैल 2025 की रात निसार अहमद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला था।
निसार की पत्नी आशमा की सूचना पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान सुसाइड नोट को परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाए। विवेचना में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर फारूख अली पुत्र अहमद अली निवासी खूंटी चौराहा, अलीगंज की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने फारूख अली को गिरफ्तार कर 28 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फारूख अली को लेकर स्थानीय स्तर पर पूर्व मंत्री का करीबी होने और जमीन से जुड़े मामलों में नाम सामने आने की चर्चाएं रही हैं। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई में उसकी भूमिका विवेचना में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर बताई गई है। गिरफ्तारी से पहले आरोपी के पक्ष में कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों की ओर से सिफारिश किए जाने की भी चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

