home page

9 एकड़ जमीन धोखाधड़ी के मामले में भू- माफिया गिरफ्तार

 | 
9 एकड़ जमीन धोखाधड़ी के मामले में भू- माफिया गिरफ्तार


नवादा, 25 जून (हि.स.)। जिले में रजौली थाना क्षेत्र में 9 एकड़ जमीन की बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी, मारपीट, दबाव बनाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने और बाद में झूठा मुकदमा दर्ज कराने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपी पंकज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामला महाराष्ट्र के नागपुर निवासी सुनील काले की पैतृक जमीन से जुड़ा है। सुनील काले अपनी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए रजौली स्थित करीब 9 एकड़ जमीन बेचना चाहते थे। नागपुर में पूजा-पाठ कराने वाले रजौली निवासी संतोष पाण्डेय के माध्यम से उनकी बातचीत पंकज सिंह से कराई गई। जमीन का सौदा करीब 5 करोड़ रुपये में तय हुआ था।

पीड़ित सुनील काले, विजय वनवे और संतोष पाण्डेय जून माह में रजौली पहुंचे थे। उन्हें एक होटल में ठहराया गया था। आरोप है कि 21 जून को पंकज सिंह ने हथियारबंद लोगों का भय दिखाकर तीनों के साथ मारपीट की और जमीन संबंधी कागजात पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि उनसे चेक कटवाने का दबाव बनाया गया। जान का खतरा महसूस होने पर तीनों लोग रात में होटल से निकलकर भाग गए।

इसके बाद पंकज सिंह ने रजौली थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया कि नागपुर से आए लोग 51 लाख रुपये लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य लोगों से पूछताछ की। जांच में 51 लाख रुपये की नकदी, नोट गिनने वाली मशीन अथवा रकम के लेन-देन से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला।

जांच के बाद सुनील काले के आवेदन पर पंकज सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। रजौली थाना प्रभारी रणजीत कुमार ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर अन्य लोगों के साथ भी इस तरह का दबाव या ठगी की गई है या नहीं। आरोपी की मेडिकल जांच के दौरान उसके कुछ परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन