home page

मोगीनंद में जमीन विवाद पर पटवारी के सामने चले पत्थर और डंडे

 | 

नाहन, 19 जुलाई (हि.स.)। कालाअंब के तहत आने वाले मोगीनंद क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहाँ एसडीएम के आदेशों की अनुपालना में मौके पर कार्रवाई करने पहुंचे पटवारी के सामने ही दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। इस पथराव और लाठी-डंडों के हमले में शिकायतकर्ता पक्ष के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में साहिदा पत्नी रोशन अली, निवासी सिम्बलवाला(बिक्रमबाग) ने बताया कि पटवारी हल्का मोगीनंद भूमि संबंधी एक मामले में एसडीएम के आदेशों के तहत मौके पर आधिकारिक कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के जंग मोहम्मद और उनके साथ आए अन्य लोगों ने सरकारी कार्रवाई में व्यवधान डाला।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पक्ष ने अचानक हस्तक्षेप करते हुए पथराव शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में शिकायतकर्ता की माता, पति, भाई और अन्य परिजनों को पत्थर लगने से गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने मौके पर न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दीं।

घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीड़ित पक्ष की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में आगामी जांच जारी है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर