जमीन को लेकर बेटे ने कर दी पिता की हत्या
बांदा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शहर कोतवाली क्षेत्र के बांधा पुरवा गांव में संपत्ति के विवाद को लेकर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जमीन अपने नाम कराने और उसे बेचने की जिद पर अड़े बड़े बेटे ने शुक्रवार रात घर में चाय बना रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग पिता की हंसिये से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बांधा पुरवा गांव निवासी मोतीलाल यादव के पास करीब तीन बीघा जमीन थी। उनका बड़ा बेटा नीलम उर्फ नथुवा इस जमीन को अपने नाम कराने और बेचने का लगातार दबाव बना रहा था।
शुक्रवार रात करीब 8 बजे इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना के वक्त मोतीलाल घर के बरामदे में चूल्हे पर चाय बना रहे थे। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित बेटे नीलम ने पास में रखे हंसिये से उनके सिर और गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मोतीलाल मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के समय घर में मृतक की पत्नी संपतिया और उनका छोटा बेटा भी मौजूद थे। खौफनाक मंजर देख मां घबराकर तुरंत घर से बाहर भागी और पड़ोसियों व परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी सौरभ सिंह और शहर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फाॅरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
हत्या के बाद आरोपी नीलम ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। उसने दावा किया कि किसी अज्ञात हमलावर ने उसके पिता की हत्या की है। हालांकि, पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया है।
परिजनों ने बताया कि नीलम दो भाइयों में बड़ा है और कुछ समय पहले ही दिल्ली से कमाकर गांव लौटा था। उसकी एक बेटी है, जबकि उसकी पत्नी अनुसूइया बीते मई महीने से नाराज होकर अपने मायके बलखेड़ा में रह रही है। परिजनों का यह भी कहना है कि नीलम का मानसिक संतुलन कभी-कभी बिगड़ जाता था। वहीं, उसका छोटा भाई बउरा मूकबधिर और मानसिक रूप से दिव्यांग है।
इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मौके पर पुलिस को तैनात किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

