जमीन बेचने के विवाद में बेटे ने की पिता की पीट-पीटकर हत्या
बाड़मेर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने से मिले रुपयों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कथित तौर पर बेटे ने अपने ससुर, साले और अन्य साथियों के साथ मिलकर 60 वर्षीय पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बेटे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना सदर थाना क्षेत्र के शोभाला जेतमाल गांव स्थित सियोलों की ढाणी की है। मृतक की पहचान रावताराम (60) पुत्र भारमल के रूप में हुई है। मामले में मृतक के भाई किस्तुराराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार रावताराम के तीन बेटे हैं। इनमें दूसरा बेटा रेखाराम लंबे समय से पिता से अलग रह रहा था। दोनों के बीच जमीन बेचने से प्राप्त रकम के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि बुधवार रात रेखाराम अपने ससुर, साले और छह-सात अन्य लोगों के साथ पिता के घर पहुंचा। इस दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर रावताराम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल बाड़मेर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना प्रभारी करतार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की रिपोर्ट पर बेटे रेखाराम, उसके ससुर, साले तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रावताराम ने अपने हिस्से की जमीन बेची थी। इसी राशि के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

