सुपौल में खूनी भूमि विवाद: 20 वर्षीय युवक का हाथ काटा
सुपौल, 10 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में वर्षों पुराने भूमि विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। सुखपुर - सोल्हनी पंचायत के धोरे कटैया वार्ड संख्या-17 में 20 वर्षीय युवक नीतीश कुमार पर कथित रूप से 15 से 16 लोगों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक का दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि सिर पर कई गंभीर वार किए गए।
गंभीर रूप से घायल युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर हालत में युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
घायल युवक के पिता रामबहादुर यादव ने बताया कि पड़ोसी रविन्द्र यादव के साथ लगभग दो कट्ठा जमीन को लेकर पिछले आठ वर्षों से विवाद चल रहा है। शुक्रवार की दोपहर उनका पुत्र नीतीश कुमार नुनुपट्टी से साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह रविन्द्र यादव के घर के समीप पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे 15 से 16 लोगों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और दबिया, कुदाल समेत अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार हमलावर युवक को गंभीर रूप से घायल कर घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। शोर-शराबा सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो नीतीश लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसका दाहिना हाथ शरीर से अलग हो चुका था और सिर पर गहरे जख्म थे। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का भी जायजा लेने में जुटी है।
सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि भूमि विवाद में युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

