home page

जमीन के विवाद में पौत्र ने बाबा की चाकू से गला रेतकर की हत्या

 | 
जमीन के विवाद में पौत्र ने बाबा की चाकू से गला रेतकर की हत्या


बांदा, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शहर के कालूकुआं मोहल्ले में जमीन के विवाद ने रिश्तों का खून कर दिया। दस बिस्वा जमीन अपने नाम कराने के विवाद में पौत्र ने घर में सो रहे 75 वर्षीय बाबा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के समय मृतक का छोटा बेटा, बहू और बच्चे मकान की छत पर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने नामजद आरोपी पौत्र सुनील को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कालूकुआं निवासी रामगोपाल ने बताया कि उसके 75 वर्षीय पिता लल्ला राजपूत मंगलवार रात मकान के निचले हिस्से में अकेले सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान मौका पाकर घर में घुसे पौत्र ने चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। रात करीब 12 बजे मृतक की पत्नी मुन्नी की नींद खुली तो उन्होंने लल्ला राजपूत को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर छत पर सो रहे रामगोपाल और उसकी पत्नी शांती भी नीचे पहुंचे। वहां पिता का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

रामगोपाल के मुताबिक, उसके पिता के पास करीब तीन बीघा जमीन और बड़ा मकान है। उनके दो बेटे थे। बड़े बेटे चंद्रपाल की तीन माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। आरोप है कि चंद्रपाल की मौत के बाद उसके बेटे अपने बाबा पर जमीन का बंटवारा करने और उसमें से दस बिस्वा जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगे थे। लल्ला राजपूत जमीन उनके नाम करने को तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था।

मृतक के बेटे रामगोपाल ने आरोप लगाया कि जमीन नाम न करने पर उसके पिता के साथ मारपीट भी की जाती थी। दीपावली से एक दिन पहले भी विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने रामगोपाल और उसकी पत्नी को पुलिस चौकी में बैठा लिया था। उनका आरोप है कि घर पर अकेले रह गए लल्ला राजपूत के साथ आरोपियों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। रामगोपाल का कहना है कि पुलिस ने समय रहते आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की होती तो शायद उसके पिता की जान बच सकती थी।

मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को आरोपित सुनील के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

कोतवाली प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि जमीन के विवाद में हत्या किए जाने जानकारी बुधवार को सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह