home page

जमीन के नाम पर 14.51 लाख की कथित ठगी, चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

 | 

सुपौल, 13 जुलाई (हि.स.)। राघोपुर थाना में जमीन बिक्री के नाम पर कथित रूप से 14.51 लाख रुपये की ठगी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामले में अमित भगत को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर निवासी एवं प्राथमिक विद्यालय मलमलिया सुखानगर में कार्यरत शिक्षक श्याम सुंदर मंडल ने आरोप लगाया है कि सिमराही की जमीन का सौदा कराने के नाम पर सुगंधी मंडल ने उनकी मुलाकात अवध बिहारी भगत एवं उसके परिवार से कराई। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में बैंक, पे-फोन और नगद के माध्यम से कुल 14 लाख 51 हजार रुपये ले लिए गए, लेकिन जमीन का निबंधन नहीं कराया गया।

पीड़ित का आरोप है कि पूरी राशि लेने के बाद आरोपित लगातार नई-नई शर्तें रखते रहे। बाद में जमीन देने से साफ इनकार कर दिया और रुपये लौटाने का भी केवल आश्वासन देते रहे। काफी दबाव के बाद अब तक केवल 1.81 लाख रुपये ही वापस किए गए हैं। शिकायत में शिक्षक ने आरोप लगाया है कि पूरे प्रकरण का मुख्य संचालन अमित भगत कर रहा था।

आरोप है कि उसने अपना भय दिखाते हुए रुपये वापस नहीं करने तथा विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने सुनियोजित तरीके से जमीन का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार अमित भगत के विरुद्ध राघोपुर थाना में पूर्व से भी लॉटरी टिकट बेचने, रुपये के लेन-देन को लेकर मारपीट तथा अन्य मामलों में अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज होने की बात सामने आती रही है। हालांकि इन मामलों में अंतिम न्यायिक निर्णय संबंधित न्यायालय द्वारा किया जाना शेष है।

आवेदन में पीड़ित शिक्षक ने बताया है कि उन्होंने राशि की व्यवस्था के लिए बैंक से करीब 11.81 लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसकी मासिक किस्त लगभग 23,336 रुपये चुकानी पड़ रही है। रुपये फंस जाने से परिवार गंभीर आर्थिक संकट में है और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।

राघोपुर थाना में दर्ज प्राथमिकी में सुगंधी मंडल, अवध बिहारी भगत, अमित भगत एवं अन्य को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

मामले में अवध बिहारी भगत ने पूरी मामले को सुनियोजित और बेबुनियाद बताया है।

इस बाबा थाना अध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच कर प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है मामले की अनुसंधान जारी है पीड़ित पक्ष के द्वारा प्राप्त साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र