जाैनपुर में जमीन विवाद में आशा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, तीन नामजद आरोपित पुलिस हिरासत में
जौनपुर,17 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में महाराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव में बुधवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान आशा कार्यकर्ता चेतना सिंह (45) की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। मृतका के भाई संदीप सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, करीब 10 वर्ष पूर्व उनकी माता सुदामा देवी के नाम उक्त जमीन का बैनामा कराया गया था, जिसका नामांतरण भी राजस्व अभिलेखों में हो चुका है।
आरोप है कि बुधवार सुबह ओम प्रकाश सिंह विवादित भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे। संदीप सिंह और चेतना सिंह ने पहुंच कर इसका विराेध किधा ताे ओम प्रकाश सिंह, उनकी पुत्री रोमा और रीतू ने चेतना सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल चेतना सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। चेतना सिंह महाराजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थी।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज सहित तीन थानों की पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस संबंध में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मौके पर पुलिस बल तैनात है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

