home page

जमीन विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: मऊगंज में हिंसक झड़प, एक की मौत, कई घायल

 | 
जमीन विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: मऊगंज में हिंसक झड़प, एक की मौत, कई घायल


मऊगंज, 02 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के खटखरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा में जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे बंटवारे के विवाद ने अचानक हिंसक झड़प का रूप धारण कर लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गिरिजा प्रसाद साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रीवा रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था। मामला तहसील में लंबित था, लेकिन समय पर समाधान नहीं होने के कारण दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया। शुक्रवार शाम को विवाद अचानक उग्र हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल होने लगा, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। मऊगंज पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) और एसडीओपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। फिलहाल शनिवार को गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस घटना के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि राजस्व विभाग समय रहते जमीन विवाद का निराकरण कर देता, तो इस तरह की दुखद घटना टाली जा सकती थी। एक साल तक मामला तहसील में लंबित रहने से दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराता गया, जो अंततः खूनी संघर्ष में बदल गया।

ग्रामीणों ने लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार राजस्व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी