ललितग्राम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से 19 किलो गांजा बरामद
सुपौल, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सुपौल पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में ललितग्राम थाना क्षेत्र के महादेवपट्टी गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने बरामद गांजा को विधिवत जब्त कर लिया है तथा मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि 5 नवंबर को ललितग्राम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महादेवपट्टी गांव के वार्ड संख्या-03 निवासी मो. साहेब एवं मो. शाहिद, दोनों पिता मो. अमरुल्लाह, अपने घर में अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सुपौल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने दंडाधिकारी की उपस्थिति में चिह्नित घर में विधिवत छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घर से कुल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद गांजा को विधिवत जब्त कर लिया है। साथ ही गांजा के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए अनुसंधान शुरू कर दिया गया है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। सुपौल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

