ललितग्राम में 132.8 किलो गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ललितग्राम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 132.8 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया और पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि ललितग्राम थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनियां वार्ड संख्या-13 में एक व्यक्ति के घर से मादक पदार्थ की बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को तत्काल इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने गांजा की खरीद-बिक्री में कथित रूप से शामिल पांच लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे और संबंधित परिसर से कुल 132.8 किलोग्राम गांजा, तीन मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रताप टांडा वार्ड संख्या-07 निवासी करीब 30 वर्षीय उत्तम कुमार, ललितग्राम थाना क्षेत्र के महादेवपट्टी वार्ड संख्या-03 निवासी करीब 20 वर्षीय मोहम्मद शोएब, करीब 40 वर्षीय मोहम्मद असरफ, करीब 25 वर्षीय मोहम्मद कमरुल और करीब 30 वर्षीय मोहम्मद हैदर अली शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में ललितग्राम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर उनके आपराधिक नेटवर्क तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संभावित ठिकानों पर पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

