home page

नाथद्वारा में दिन-दहाड़े लाखों की चोरी: 25 मिनट में मकान खंगाल ले गए बदमाश

 | 
नाथद्वारा में दिन-दहाड़े लाखों की चोरी: 25 मिनट में मकान खंगाल ले गए बदमाश


राजसमंद, 28 अप्रैल (हि.स.)। राजसमंद जिले के नाथद्वारा शहर की पॉश कॉलोनी सुखाड़िया नगर में दिन-दहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मार्बल व्यवसायी गोविंद पालीवाल के सूने मकान को निशाना बनाते हुए बदमाश लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर गए। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर गया हुआ था।

पीड़ित के अनुसार, जब वे सोमवार रात घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर हर कमरे की अलमारियां टूटी हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने व्यवस्थित तरीके से पूरे घर की तलाशी ली और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के गहनों सहित नकदी चोरी कर ली। हालांकि चोरी गई संपत्ति का पूरा आंकलन अभी किया जा रहा है।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध चोर नजर आए हैं। फुटेज के अनुसार, दोनों बदमाश सुबह 11:24 बजे घर में दाखिल हुए और करीब 11:49 बजे बाहर निकल गए। यानी मात्र 25 मिनट में उन्होंने पूरी वारदात को अंजाम दे दिया। एक चोर खाली हाथ बाहर निकलता दिखा, जबकि दूसरा बैग लेकर आराम से जाते हुए दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता