home page

लाडो सराय में कारोबारी के घर पर फायरिंग, 20 लाख की मांगी थी रंगदारी

 | 

नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के लाडो सराय इलाके में सोमवार शाम करीब पांच बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी के घर के बाहर हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। शुरुआती जांच में मामला 20 लाख की रंगदारी से जुड़ा माना जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार, बदमाश बाइक पर सवार होकर कारोबारी के कार्यालय के बाहर पहुंचे और कई राउंड हवाई फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है, जिसमें आरोपित वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।

दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपितों की पहचान हो चुकी है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग से पहले कारोबारी को किसी तरह की धमकी या रंगदारी की मांग की गई थी या नहीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी