home page

खेत में पानी लगाने गए मजदूर का शव नहर पर मिला

 | 
खेत में पानी लगाने गए मजदूर का शव नहर पर मिला


बिजनौर, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुर गांव में गुरुवार शाम खेत में पानी लगाने गए एक मजदूर का शव शुक्रवार सुबह नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली हैं।

रेहड़ थाना प्रभारी राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान 35 वर्षीय पप्पू पुत्र उमराव सिंह के रूप में हुई है। पप्पू गुरुवार शाम गांव के ही एक किसान के खेत पर मजदूरी पर पानी लगाने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उसका कोई सुराग नहीं मिला।

शुक्रवार तड़के परिजनों और ग्रामीणों ने दोबारा तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान उन्हें उसी खेत के पास नहर में पप्पू का शव पड़ा मिला, जहां वह पानी लगाने गया था।

सूचना मिलने पर रेहड़ थाना प्रभारी राजीव कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के पास शराब के सेवन से संबंधित अवशेष भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि मृतक पप्पू शराब का आदी था। पप्पू की मौत से उसकी पत्नी राखी देवी, दो बेटों और एक बेटी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र