प्रयोगशाला सहायक भर्ती फर्जीवाड़े में एक और आरोपित गिरफ्तार
जयपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा-2018 में ओएमआर शीट से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से चयन कराने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र के खड़का निवासी संजय कुमार सैनी (28) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने ओएमआर शीट में हेरफेर के जरिए चयन सूची में स्थान हासिल किया था। फिलहाल उससे पूछताछ कर फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान सामने आया कि ओएमआर स्कैनिंग का कार्य करने वाली राभव लिमिटेड के कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से अभ्यर्थियों के अंकों में अवैध रूप से बदलाव किया गया था। जांच में पाया गया कि संजय कुमार सैनी के वास्तविक 43 अंकों को स्कैनिंग के दौरान बढ़ाकर 191 अंक दर्शा दिया गया, जिससे वह चयन सूची में शामिल हो गया। उन्होंने बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा ओएमआर शीट की दोबारा स्कैनिंग कराए जाने पर वास्तविक अंक सामने आए और पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि राभव लिमिटेड के कर्मचारी विनोद कुमार गौड़ और शादान खान ने मिलीभगत कर कुल 27 अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट में कांट-छांट कर उन्हें अंतिम चयन सूची में शामिल कराया।
एसओजी के अनुसार मामले में अब तक राभव लिमिटेड के कर्मचारी विनोद कुमार गौड़, शादान खान, कंपनी के कार्यकारी निदेशक रामप्रवेश सिंह तथा अभ्यर्थी महेंद्र कुमार मीना, देवेंद्र सिंह गुर्जर, विजय सिंह मीना और पिंटू कुमार मीना सहित कई आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसओजी आरोपित संजय कुमार सैनी से पूछताछ कर फर्जीवाड़े में शामिल अन्य व्यक्तियों, आर्थिक लेनदेन और पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

