कुशीनगर में गिरवी के गहने लेकर फरार पिता-पुत्र गिरफ्तार, 35 लाख के जेवर बरामद
कुशीनगर, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना पुलिस ने गिरवी रखे गए गहनों को लेकर फरार हुए ज्वैलर्स पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर चर्चित जालसाजी मामले का खुलासा रविवार को किया है।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित देवरिया जिले के रहने वाला मोहन वर्मा और उसका पुत्र राज वर्मा हैं। दोनों तुर्कपट्टी बाजार में ज्वैलर्स एवं बर्तन स्टोर का संचालन करते थे। दुकान पर लोगों से सोना-चांदी गिरवी रखवाकर ब्याज पर पैसा (नकद ऋण) देते थे। कुछ दिन पहले दोनों दुकान खुली छोड़कर गिरवी रखे गए गहनों के साथ फरार हो गए।
जैसे ही दोनों आरोपितों को फरार होने की सूचना मिली तो लगभग 200 की संख्या में पीड़ितों ने तुर्कपट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में स्पष्ट हुआ कि किसी बाहरी गिरोह ने वारदात नहीं की, बल्कि दुकान संचालक पिता-पुत्र ने ही सुनियोजित तरीके से लोगों के गिरवी रखे आभूषण लेकर फरार होने की साजिश रची थी।
एएसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में गिरवी रखे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और नेपाली करेंसी बरामद किया। इस मामले में करीब दो सौ पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

