home page

कुर्सेला गोलीकांड का मुख्य अभियुक्त बंटी मंडल गिरफ्तार, पुलिस ने भ्रामक खबरों का किया खंडन

 | 
कुर्सेला गोलीकांड का मुख्य अभियुक्त बंटी मंडल गिरफ्तार, पुलिस ने भ्रामक खबरों का किया खंडन


कटिहार, 16 नवंबर (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने कुर्सेला थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए कांड के प्राथमिकी अभियुक्त बंटी मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी 22 वर्षीय बंटी मंडल, पिता अरविंद मंडल, कुर्सेला थाना क्षेत्र के चाँय टोला बटेशपुर का निवासी है। इसके साथ ही पुलिस ने छठ घाट से लौटने के क्रम में कई राउंड फायरिंग होने की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इसे भ्रामक बताया है।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को कुर्सेला थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि बंटी मंडल और उसके सहयोगियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर जख्मी कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की चिकित्सकीय जांच में उसे गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को गोली का एक अग्र भाग बरामद हुआ है, जबकि कोई खोखा नहीं मिला है।

प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि छठ घाट से लौटने के दौरान नहीं, बल्कि पूर्व के विवाद को लेकर जख्मी व्यक्ति के घर के पास स्थित दुकान पर गोली चली थी। इस संबंध में कुर्सेला थाना कांड संख्या 486/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह