कुनौली थाना आगजनी कांड में बड़ी कार्रवाई: 11 साल बाद चार आरोपी गिरफ्तार
-60 लाख से अधिक की संपत्ति का हुआ था नुकसान
सुपौल, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के कुनौली थाना में वर्ष 2014 में हुए बहुचर्चित आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित इस मामले में नई प्रगति सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना अध्यक्ष सत्य प्रकाश के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में शिक्षक राशिद अहमद समेत कुल चार लोग शामिल हैं। सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 21 जुलाई 2014 की है। उस समय एसएसबी जवानों पर कथित पिटाई से एक रिक्शा चालक की मौत का आरोप लगने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। आक्रोशित भीड़ ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कुनौली थाना पर हमला कर दिया था। देखते ही देखते सैकड़ों लोग थाना परिसर में पहुंच गए और आगजनी व तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इस दौरान उपद्रवियों ने थाना परिसर में खड़ी तीन चारपहिया वाहनों और आधा दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। साथ ही कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। थाना परिसर में बने शेड और अन्य संरचनाओं को भी ईंट-पत्थर से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी, हवलदार समेत कई पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, जिसमें चार से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस हिंसक घटना में लगभग 60 लाख रुपये से अधिक की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन कई आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। अब पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

