कुलदीप विश्नोई हत्याकांड में फरार पांच हजार का इनामी आरोपित छत्तीसगढ़ में गिरफ्तार
जोधपुर, 05 मई (हि.स.)। कुलदीप विश्नोई हत्या प्रकरण में डीएसटी फलोदी ने पांच हजार के इनामी बदमाश मुकेश को रायपुर छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है।
फलोदी एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को आउ में एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद कुलदीप अपने दोस्त विकास व संदीप के साथ वापस रवाना हुआ। उस समय पुरानी दुश्मनी को लेकर सदासुख, पवन, कमलेश, प्रकाश, विजय, संजय, शिव, मुकेश, श्याम व 5-7 अन्य जनों ने कुलदीप के साथ मारपीट की थी जिससे गंभीर चोटें लगी। कुलदीप के पिता की लिखित रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया। वही दौराने इलाज घायल कुलदीप की मृत्यु हो गई थी।
उन्होंने बताया कि प्रकरण में पूर्व में हत्या के आरोप में मुलजिमान सदासुख, पवन, कमलेश, प्रकाश, श्याम को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि अन्य कुल पांच मुलजिम फरार चल रहे थे। जिनकी गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम जारी किया गया।
डीएसटी फलोदी को मिली सूचना के अनुसार प्रकरण में वांछित पांच हजार के इनामी अपराधी मोटाई निवासी मुकेश कुमार पुत्र मनोहरराम भादू की उपस्थिति रायपुर छत्तीसगढ़ में होना ज्ञात हुआ। जिस पर डीएसटी फलोदी टीम को रायपुर छत्तीसगढ़ भेजा गया। डीएसटी फलोदी ने रायपुर में एक गोदाम पर दबिश दी। जहां से आरोपित मुकेश कुमार को दस्तयाब किया।
आरोपित को डीएसटी फलोदी द्वारा रायपुर छत्तीसगढ़ से भोजासर लाया गया है। जहां पर मुलजिम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। आरोपी मुकेश पिछले चार माह से फरार चल रहा था। फरारी के दौरान आरोपी रायपुर में गैस सप्लाई का काम करता था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

